कलेक्टर के निर्देश पर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के पूर्व प्रशासन हुआ सख्त देर रात हुई कार्रवाई
बसना(जीत यादव )।धान खरीदी प्रारंभ होने से पूर्व जिला प्रशासन ने अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं विक्रय पर सख्त रुख अपनाते हुए देर रात तक लगातार छापामार कार्रवाई की। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने कई स्थानों पर कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध धान जप्त किया है।
सरायपाली तहसील के ग्राम बालसी में देर रात अनिल ट्रेडर्स के गोदाम से 375 कट्टा और रोशन ट्रेडर्स के गोदाम से 50 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया। यह कार्रवाई राजस्व विभाग, खाद्य निरीक्षक और मंडी सचिव की टीम द्वारा मंडी अधिनियम के तहत की गई।
वहीं ओड़िशा सीमा से अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे 80 कट्टा धान को नायब तहसीलदार प्रकृति एवं मंडी टीम ने जब्त किया।

पिथौरा तहसील में भी प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। ग्राम छोटे लोरम में साहेब लाल पटेल के गोदाम से 600 बोरी, ग्राम लालमाटी में बीसीकेशन पिता रूपसाय के घर से 200 बोरी, और गोमती पति गंगाराम के घर से 100 बोरी अवैध धान जब्त किया गया। यह कार्रवाई एसडीएम पिथौरा बजरंग वर्मा के मार्गदर्शन में की गई। मंडी सचिव को मंडी अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर विनय लंगेह ने स्पष्ट कहा कि —
“धान खरीदी प्रारंभ होने से पहले कोई भी व्यक्ति या व्यापारी अवैध रूप से धान का भंडारण या परिवहन न करे। नियम विरुद्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
प्रशासन ने यह भी बताया कि जिले की सीमाओं पर निगरानी और सघन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि समर्थन मूल्य पर खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध परिवहन या भंडारण को रोका जा सके।
🟢 जिला प्रशासन की यह कार्रवाई किसानों के हितों की रक्षा और खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की दिशा में एक सख्त एवं सराहनीय कदम माना जा रहा है।



