बसना में छत्तीसगढ़-ओडिशा प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच का ‘एकता में उत्सव’ दिवाली मिलन समारोह संपन्न — भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का दिया संदेश
बसना। छत्तीसगढ़ और ओडिशा प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच द्वारा आयोजित ‘एकता में उत्सव’ दिवाली मिलन समारोह रविवार को बारनवापारा स्थित आलोहा रिसॉर्ट में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर दोनों प्रांतों के सदस्यों ने एक साथ दीप प्रज्वलित कर सामाजिक एकता, सौहार्द और सांस्कृतिक संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने मारवाड़ी युवा मंच के समाजसेवी और सांस्कृतिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मंच समाज में सद्भाव, सेवा और एकजुटता की मिसाल पेश कर रहा है। उन्होंने कहा, “मारवाड़ी समाज व्यापार के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों को भी बखूबी निभा रहा है। मंच की सक्रियता से समाज में नई ऊर्जा और दिशा का संचार हो रहा है।”
विधायक डॉ. अग्रवाल ने मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कहा कि यह दिवाली मिलन समारोह केवल एक पर्व का उत्सव नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच सांस्कृतिक सेतु को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन दोनों राज्यों के बीच भाईचारे, सहयोग और सामाजिक समरसता को और प्रगाढ़ करते हैं।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े रहें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार ऐसे सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों को हर संभव समर्थन प्रदान करेगी।
इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सुल्तानिया, ओडिशा प्रांतीय अध्यक्ष अजय शर्मा, छत्तीसगढ़ प्रांतीय अध्यक्ष प्रशांत गांधी, सहित अनेक पदाधिकारी, सदस्य और आमंत्रित अतिथि मौजूद थे। कार्यक्रम के अंत में दीपावली की शुभकामनाओं के साथ “एकता में उत्सव” का संदेश गूंज उठा।




