रायपुर। राजधानी रायपुर के भाटागांव इलाके में प्रस्तावित नई अंग्रेजी शराब दुकान को लेकर स्थानीय नागरिकों और भाजपा पार्षद रवि सोनकर ने शुक्रवार को जमकर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि यह दुकान नगर माता बिन्नी बाई स्कूल के पास खोली जा रही थी, जबकि पहले से ही उसी क्षेत्र में एक देशी शराब भट्ठी संचालित है।
स्थानीय निवासियों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि स्कूल और रिहायशी क्षेत्र के पास दो-दो शराब दुकानों से न केवल इलाके का माहौल बिगड़ेगा, बल्कि बच्चों पर भी इसका गलत प्रभाव पड़ेगा।
भाजपा पार्षद रवि सोनकर ने बताया कि क्षेत्र में शराब दुकान के खिलाफ पहले से आंदोलन चल रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में आबकारी अधिकारी और कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा जा चुका था, इसके बावजूद नई अंग्रेजी शराब दुकान खोलने की तैयारी की गई।
मौके पर जब पुलिस पहुंची तो पार्षद सोनकर की अधिकारियों से बहस भी हुई। उन्होंने स्पष्ट कहा—
“आपको मेरे खिलाफ कार्रवाई करनी है तो करिए, लेकिन मैं शराब दुकान खुलने नहीं दूंगा। पहले भी यहां से शराब भट्ठी हटाने की मांग कर चुका हूं क्योंकि इससे क्षेत्र के लोगों को परेशानी होती है।”
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि भाटागांव इलाके में शराब दुकान खोलने की अनुमति तुरंत रद्द की जाए, ताकि स्कूल और रिहायशी इलाके की शांति और सुरक्षा बनी रहे।


