बसना (रूपानंद साव विशेष संवाददाता)। क्षेत्र में गुलाबी ठंड की शुरुआत के साथ ही अब चोरी की वारदातें भी बढ़ने लगी हैं। छान्दनपुर गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने किसानों के खेतों में लगे बोरवेल का केबल काटकर चोरी कर लिया। चोर यहां से केवल तार ही नहीं बल्कि स्टार्टर ऑटो भी उड़ा ले गए।
इस घटना में किसान गणेश भोई, चित्रसेन पटेल, अमरनाथ पटेल, रूपानंद पटेल, उजागर भोई, वसुदेव साव और रूसी साव समेत कई किसानों को नुकसान हुआ है। किसानों ने बताया कि रोजाना की तरह जब वे सुबह खेतों में फसल का निरीक्षण करने पहुंचे, तो देखा कि बोर के तार कटे हुए थे और कई उपकरण गायब थे।
इस घटना से पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से गांव में अंजान फेरीवालों, कबाड़ी वालों, रुई तकिया बनाने वालों, कुकर सुधारने वालों, लॉटरी बेचने वालों और अन्य बाहरी लोगों की आवाजाही लगातार बढ़ी है, जिससे संदेह और गहराया है।
गांव के लोगों ने बताया कि दिनभर गांव में ऐसे संदिग्ध लोगों का आना-जाना बना रहता है। चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए अब ग्रामवासी निगरानी समिति गठन करने और रात में चौकीदारी व्यवस्था लागू करने पर विचार कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव और आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई जाए ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
📍 स्थान: छान्दनपुर, बसना
📅 घटना: 27 अक्टूबर 2025 की रात



