बसना। अत्यधिक बेमौसम बारिश और आंधी-तूफान से अंचल के किसानों की लगभग 80 प्रतिशत फसलें बर्बाद हो गईं थी । प्रभावित किसानों की शिकायत पर कलेक्टर महासमुंद ने तत्परता दिखाते हुए क्षतिपूर्ति राशि देने के निर्देश जारी किए हैं।
ग्राम छांदनपुर और खेमड़ा के किसानों ने तहसील कार्यालय में कई बार राहत राशि की मांग की थी, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर वे सीधे कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। किसानों ने बताया कि गर्मी की फसल के दौरान बेमौसम बारिश से खेतों में लगी धान, मक्का और सब्जियों की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है।
कलेक्टर ने किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आपदा सहायता राशि (क्षतिपूर्ति) स्वीकृत करने के आदेश दिए और जिले के सभी तहसीलदारों को प्रभावित किसानों को राशि आवंटन करने के निर्देश दिए। निर्णय से किसानों में खुशी और उत्साह का माहौल है।
किसानों की ओर से इस विषय को उठाने में भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष दुबे लाल साहू, दिग्विजय साहू (मंडल अध्यक्ष ग्रामीण), जगदीश पटेल, बलिराम पटेल, तुलसी प्रसाद पटेल और चित्रसेन पटेल सहित अन्य किसान नेताओं की भूमिका रही। उन्होंने कलेक्टर से मुलाकात कर किसानों की मांग को मजबूती से रखा, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की।


