सावित्रीपुर में सरस्वती साइकिल वितरण कार्यक्रम, विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने की छात्राओं को साइकिल प्रदान
बसना। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सावित्रीपुर में गुरुवार को सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत निशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कक्षा नवमी की छात्राओं को साइकिल प्रदान की।
इस अवसर पर विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि— “इस योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर बालिका निर्भय होकर विद्यालय पहुँच सके। यह योजना बेटियों के आत्मविश्वास और सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरक पहल है।” उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बालिका शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें हर स्तर पर प्रोत्साहन दे रही है ताकि वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें।
विशिष्ट अतिथि जनसेवक पुरुषोत्तम धृतलहरे ने अपने उद्बोधन में कहा कि “शिक्षा और सहयोग ही समाज को आगे बढ़ाने के दो सशक्त स्तंभ हैं। हमें अपनी बेटियों के सपनों को साकार करने में योगदान देना चाहिए— यही सच्ची सेवा है।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत पिथौरा की अध्यक्ष ऊषा पुरुषोत्तम धृतलहरे ने की। इस अवसर पर सरपंच कमल बरिहा, उपसरपंच माधव रात्रे, केतब बारिक, गोकुलानंद प्रधान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरों पर उत्साह और प्रसन्नता झलक रही थी। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षकों ने किया तथा अंत में प्राचार्य ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।



