बसना: साहू समाज मंडल परिक्षेत्र सांकरा के चुनाव में कुंजराम साहू बने अध्यक्ष
बसना। सांकरा में बुधवार को साहू समाज मंडल परिक्षेत्र के पदाधिकारियों का चुनाव शांतिपूर्ण और पारदर्शी माहौल में संपन्न हुआ। समाज के 42 ग्रामों के 184 मतदाताओं में से 173 मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक मतदान किया।
अध्यक्ष पद के लिए हुए सीधे मुकाबले में कुंजराम साहू (सिरको) ने 124 मतों से विजयी होकर राजेश साव (कंचनपुर) को पराजित किया। राजेश साव को 48 मत मिले। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने विजेता उम्मीदवारों का स्वागत गुलाल, आतिशबाजी और जयकारों के बीच किया।
उपाध्यक्ष बने गोविंद साव, महिला उपाध्यक्ष लिनिजुकता साव
उपाध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में गोविंद साव (सांकरा) ने 128 मतों से जीत दर्ज की, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी सीताराम साव (पेनड्रावन) को 43 मत प्राप्त हुए।
वहीं महिला उपाध्यक्ष पद पर लिनिजुकता साव (पेनड्रावन) ने 96 मतों से विजय हासिल की, जबकि गौरी साव (सागुंडाप) को 76 मत मिले।
निर्वाचन अधिकारी झलेस साव ने मतगणना पूरी होने के बाद परिणामों की घोषणा की।
दो पैनलों में हुआ मुकाबला, महेंद्र साव की टीम को भारी समर्थन
इस बार चुनाव में दो पैनलों के बीच सीधा मुकाबला रहा।
पहली टीम का नेतृत्व जन्मजय साव (पूर्व भाजपा महामंत्री मंडल बसना, पूर्व सरपंच बंसुला) और हलधर साव (भाजपा मंडल अध्यक्ष सांकरा) ने किया। इस पैनल से अध्यक्ष पद के लिए राजेश साव, उपाध्यक्ष के लिए सीताराम साव, और महिला उपाध्यक्ष पद के लिए गौरी साव मैदान में थीं।
दूसरी टीम का नेतृत्व महेंद्र साव (वर्तमान अध्यक्ष साहू समाज सांकरा, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष बसना एवं पूर्व सरपंच छांदनपुर) ने किया। इस पैनल से अध्यक्ष पद के लिए कुंजराम साहू, उपाध्यक्ष के लिए गोविंद साव, और महिला उपाध्यक्ष पद के लिए लिनिजुकता साव उम्मीदवार रहीं।
तीनों ही पदों पर महेंद्र साव की टीम को लगभग 75 प्रतिशत मतों से भारी जीत मिली। विरोधी पैनल को करारी हार का सामना करना पड़ा।
“यह जीत समाज की एकता की जीत है” – कुंजराम साहू
विजय के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुंजराम साहू ने कहा –
“यह जीत समाज की एकता और विश्वास की जीत है। मैं समाज में पारदर्शिता, एकजुटता और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए काम करूंगा।”
कुंजराम साहू पहले सिरको ग्राम पंचायत के तीन बार सरपंच रह चुके हैं और समाज में एक सशक्त और जनप्रिय नेतृत्व के रूप में जाने जाते हैं।



