तुमगांव प्राथमिक शाला में प्रोजेक्ट प्रदर्शनी आयोजित, बच्चों ने दिखाई सृजनशीलता
महासमुंद। शासकीय बालक प्राथमिक शाला तुमगांव में सोमवार को प्रोजेक्ट प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में कक्षा तीसरी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
दशहरा अवकाश से पूर्व सभी विद्यार्थियों को गृहकार्य स्वरूप प्रोजेक्ट वर्क दिया गया था, जिसे बच्चों ने अत्यंत सुंदर, रचनात्मक और ज्ञानवर्धक रूप में तैयार किया। प्रदर्शनी के दिन बच्चों ने अपने प्रोजेक्ट्स की प्रस्तुति दी और विषयों की उत्कृष्ट समझ का प्रदर्शन किया।
गणित विषय में विद्यार्थियों ने जोड़, घटाना, गुणा, भाग, बढ़ते व घटते क्रम पर आकर्षक मॉडल और चार्ट तैयार किए। वहीं हिंदी विषय में बच्चों ने विलोम शब्द, समानार्थी शब्द, शब्द निर्माण व मात्रा पहचान पर सुंदर प्रदर्शन किया।
पर्यावरण अध्ययन के तहत विद्यार्थियों ने वृक्षों, फूलों, फलों और सब्जियों के नामांकित चित्रों व प्रोजेक्ट्स का मनमोहक प्रदर्शन किया।
शिक्षकों ने विद्यार्थियों की मेहनत, सृजनशीलता और आत्मविश्वास की सराहना की। यह प्रदर्शनी न केवल बच्चों के ज्ञानवर्धन का माध्यम बनी, बल्कि उनके आत्मविश्वास, प्रस्तुतीकरण और अभिव्यक्ति कौशल को भी निखारने में सहायक सिद्ध हुई।
कार्यक्रम में संस्था प्रमुख संगीता रात्रे, शिक्षक जितेंद्र कुमार साहू, शिक्षादान शिक्षक प्रभा कोसले सहित अन्य शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।



