बसना: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने शताब्दी वर्ष पर विजयादशमी उत्सव और पथ संचलन आयोजित किया
बसना । विकासखंड बसना के मंडल भुकेल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने शताब्दी वर्ष के अवसर पर विजयादशमी उत्सव और पथ संचलन का भव्य आयोजन किया। मुख्य अतिथि सुरेश कुमार बारीक ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ देश की सुरक्षा संस्कृति की रक्षा और राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यवक्ता राम नारायण साहू, जिला प्रचार प्रमुख, ने संघ का संक्षिप्त इतिहास बताते हुए कहा कि विजयादशमी पर्व शक्ति अर्जित करने का पर्व है और संघ का उद्देश्य हिन्दू समाज को संगठित करना एवं राष्ट्र की उन्नति के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करना है। उन्होंने बताया कि संघ की स्थापना 27 सितंबर 1925 को डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा नागपुर में की गई थी और आज यह संगठन देश और विदेश में विशाल रूप में फैल चुका है।
इस अवसर पर संघ के वरिष्ठ नेता यज्ञ राम सिधार, सत्यप्रकाश श्रीवास्तव, चंद्रशेखर नाग, आदित्य साहू, पंचराम गहिर, ध्रुव बारीक समेत अन्य मौजूद थे।
कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने पथ संचलन निकालकर ग्राम भ्रमण किया। रास्ते में ग्रामीणों ने अक्षत और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति, स्वदेशी अपनाने, स्वालंबन और पर्यावरण संरक्षण के संदेश भी साझा किए गए। स्वयंसेवकों ने सामाजिक समरसता, नागरिक कर्तव्य और देश के उत्थान के लिए जनता को प्रेरित किया।
संघ ने सभी उपस्थित स्वयंसेवकों से दैनिक शाखा में भाग लेने का आह्वान किया, ताकि राष्ट्र के विकास और सामाजिक उत्थान में उनका योगदान लगातार बना रहे।



