ग्राम सरकंडा में शराबी पति की पत्नी और परिजनों ने मिलकर कर दी हत्या,भंवरपुर चौकी क्षेत्र का मामला
बसना। महासमुंद जिले के बसना थाना अंतर्गत भंवरपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम सरकंडा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शराबी पति के उत्पात और मारपीट से तंग आकर पत्नी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस जांच में इस पूरे प्रकरण का खुलासा हुआ है और अब सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामला कैसे सामने आया
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक दिलीप चौहान (40 वर्ष), मूल निवासी बिहार, लंबे समय से शराब पीने का आदी था। वह अक्सर शराब के नशे में पत्नी और बच्चों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। 23 सितंबर की रात भी उसने घर के बाहर विवाद खड़ा कर दिया और पत्नी-बच्चों के साथ मारपीट करने लगा।
घटना कैसे हुई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 सितंबर की रात ग्राम सरकंडा निवासी दिलीप चौहान पिता गंगा चौहान (40 वर्ष), मूल निवासी बिहार, शराब के नशे में घर आया। वह नशे में धुत होकर परिवार के सदस्यों से झगड़ने और गाली-गलौज करने लगा। इस दौरान उसकी पत्नी और यहां तक कि उसके डेढ़ साल के छोटे बच्चे ने भी उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन दिलीप किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुआ।
जब माहौल बिगड़ता गया, तो परिवार के कुछ सदस्य उसे गांव की गली से उठाकर घर के अंदर ले गए और प्लास्टिक की मटमैली रस्सी से पांच लोगों ने मिलकर उसका गला दबा दिया। थोड़ी ही देर में दिलीप की मौत हो गई।
रातभर छिपाई गई मौत की खबर
हत्या के बाद परिजनों ने घटना को छिपाने की कोशिश की और किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। 24 सितंबर की सुबह मामले की सूचना भंवरपुर चौकी पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
पांच आरोपी गिरफ्तार
भंवरपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें
साधना चौहान पिता हरि चौहान (18 वर्ष)
सरविंद सागर पिता शत्रुघ्न सागर (20 वर्ष), ग्राम जमडी
भगवतीन चौहान पति स्व. गोविंद चौहान (39 वर्ष), ग्राम सरकंडा
और दो अपचारी बालक शामिल हैं।
ग्रामीणों की सूचना और पुलिस की पड़ताल के बाद हत्या का खुलासा हुआ।
मृतक का पारिवारिक जीवन
मृतक दिलीप चौहान का संबंध बिहार से था। वह मजदूरी करने के लिए छत्तीसगढ़ आया था। ग्राम सरकंडा निवासी सुनीति चौहान से उसकी मुलाकात ईंट भट्टे में हुई थी। सुनीति पहले से विवाहित थी, लेकिन पति की मौत के बाद उसने दिलीप से शादी कर ली। दोनों पिछले कुछ सालों से सरकंडा और बिहार के बीच मजदूरी करते हुए जीवनयापन कर रहे थे।
सुनीति चौहान के परिवार में धनसाय चौहान की छह बेटियां हैं, जिनकी शादी बसना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में हुई है। दिलीप और सुनीति लगभग तीन महीने सरकंडा में रहते थे और करीब नौ महीने बिहार में ईंट भट्टों पर काम करते थे।
पुलिस जांच और कार्रवाई
भंवरपुर चौकी पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की गई। पुलिस ने शॉर्ट पीएम रिपोर्ट, गवाहों के बयान और घटनास्थल का निरीक्षण कर पाया कि दिलीप की हत्या गला दबाकर की गई है।
इसके बाद पुलिस ने सभी पांच आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



