बसना : खोकसा हाई स्कूल में 21 बालिकाओं को निःशुल्क साइकिल वितरण
बसना। निःशुल्क सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत गुरुवार को शासकीय हाई स्कूल खोकसा में कक्षा 9वीं की 21 बालिकाओं को साइकिल वितरित की गई। इस अवसर पर संस्था प्रमुख पी.एन. ठाकुर एवं ग्राम पंचायत खोकसा के सरपंच बाबूलाल दीवान मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
साइकिल पाकर बालिकाओं के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास की झलक साफ दिखी। सरपंच बाबूलाल दीवान ने कहा कि “दूरस्थ अंचल की छात्राओं के लिए यह योजना किसी वरदान से कम नहीं है। इससे उनकी शिक्षा की राह आसान होगी।” वहीं प्राचार्य ठाकुर ने इस योजना की सराहना करते हुए छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में पूर्णिमा ज्ञानेश्वरी फाउंडेशन, लंबर द्वारा भी दो जरूरतमंद छात्राओं को शैक्षणिक किट प्रदान की गई। इस मौके पर महावीर भोई और व्याख्याता चंद्रकांत चौरसिया भी उपस्थित रहे।



