पिथौरा । पिथौरा के विदेशी शराब दुकान में गुरुवार रात मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने दुकान के कर्मचारियों से हाथापाई करते हुए शराब की बोतलें, सीसीटीवी कैमरे और मॉनिटर को तोड़ दिया। घटना में करीब 19 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विदेशी शराब दुकान पिथौरा के सेल्समेन करण सोनटके (25 वर्ष) निवासी ग्राम नवापारा झलप ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि वह अपने सहकर्मी गनपत मारकंडेय और सुनील बंजारे के साथ दुकान में शराब बेच रहा था। रात करीब 9 बजे पिथौरा निवासी सावन श्रीवास्तव, हर्षवर्धन राजपूत और दानिश खान दुकान पर पहुंचे और शराब में पानी मिलाकर बेचने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज करने लगे।
नशा नहीं हुआ तो बिगड़े हालात, शराब दुकान में घुसकर युवकों ने की मारपीट और तोड़फोड़
इसके बाद तीनों युवक दुकान के अंदर घुस गए और कर्मचारियों से हाथ-मुक्का कर मारपीट की। इस दौरान दुकान में रखी शराब की बोतलें, सीसीटीवी कैमरे और मॉनिटर को क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोपियों ने कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दी और वहां से फरार हो गए।
घटना को ओंकार ध्रुव, कन्हैया कोसरिया और यादराम ने देखा तथा बीच-बचाव भी किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



