महासमुंद। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना रजत जयंती वर्ष 2025-26 के अंतर्गत शनिवार को औद्योगिक विकास केंद्र बिरकोनी में श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।शिविर का शुभारंभ बिरकोनी औद्योगिक क्षेत्र के अध्यक्ष जितेंद्र चंद्राकर, जिला श्रम अधिकारी डीएन पात्र एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने किया। इस अवसर पर उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों और श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया गया।
बिरकोनी में श्रमिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. दुर्गाशंकर चंद्राकर (एमबीबीएस), डॉ. शशि शर्मा (पीएचसी बिरकोनी), लेब टेक्नीशियन पवन साहू, फार्मासिस्ट विमला सहित स्वास्थ्य कर्मियों ने सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में रक्तचाप, मधुमेह, एनीमिया एवं अन्य रोगों की जांच की गई तथा दवाइयां भी वितरित की गईं।
इस शिविर में कुल 254 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसमें 60 श्रमिकों का ब्लड प्रेशर, 22 का ऑक्सीजन स्तर, 35 का बीएमआई और 20 श्रमिकों का नेत्र परीक्षण किया गया। श्रम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि श्रमिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर ऐसे शिविरों का आयोजन किया जाता है।





