भगत देवरी। ग्राम भगत देवरी में इन दिनों मोबाइल नेटवर्क की गंभीर समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव से महज़ डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर नारायणपुर में मोबाइल टावर स्थापित है, लेकिन इसके बावजूद यहां तक सिग्नल नहीं पहुंच पाते।
ग्रामीणों ने बताया कि टावर पास में होने के बावजूद नेटवर्क न मिलना तकनीकी लापरवाही और मोबाइल कंपनियों की उदासीनता को दर्शाता है। इससे लोगों को कॉल करने और इंटरनेट उपयोग में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

लोगों ने कहा कि यदि टावर की क्षमता बढ़ाई जाए या फिर भगत देवरी और आसपास के गांवों में नया टावर लगाया जाए, तो समस्या का समाधान तुरंत हो सकता है। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनियां जनता को बुनियादी सुविधा देने में कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखा रही हैं।




