महासमुंद : जिला स्तरीय रोजगार मेले में 6,700 युवाओं ने किया आवेदन, 3,500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया
महासमुंद। शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला स्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया गया। यह मेला शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद रूपकुमारी चौधरी थीं, जबकि विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने अध्यक्षता की। इस दौरान पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, जनपद अध्यक्ष दिशा दीवान, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद्र राठी और येतराम साहू भी मौजूद रहे।
सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले मेले में निजी क्षेत्र की 21 कंपनियों और प्रतिष्ठानों द्वारा लगभग 3,500 पदों पर भर्ती की कार्यवाही की गई। इसके लिए 6,700 से अधिक युवाओं ने आवेदन किया। इसमें आठवीं पास से लेकर स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, बीई और एमबीए उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को सम्मिलित किया गया। चयनित उम्मीदवारों को 7,000 से 32,000 रुपए तक का मासिक वेतन प्रदान किया जाएगा।
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के सुशासन में युवाओं को रोजगार के सुनहरे अवसर मिल रहे हैं। हमें केवल नौकरी करने वाला नहीं बल्कि नौकरी देने वाला बनना होगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के हुनर को तराशने की जरूरत है और आज लोकल फॉर वोकल के मंत्र के साथ नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि 20 से 22 वर्ष की आयु में रोजगार पाना हर युवा का सपना होता है। रोजगार मेला उसी उद्देश्य की पूर्ति की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने बताया कि यह रोजगार मेला छत्तीसगढ़ रजत जयंती महोत्सव के अंतर्गत आयोजित किया गया है। मेले में शामिल नियोजकों ने विभिन्न योग्यताओं के आधार पर भर्ती प्रक्रिया पूरी की।


