बागबाहरा SDM का औचक निरीक्षण: शिक्षकों की उपस्थिति व बच्चों की अधिगम क्षमता की जांच
महासमुंद। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) उमेश साहू ने बुधवार को विकासखंड बागबाहरा के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने बाल आश्रम बिहाझर, ग्राम खोपली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र तथा पी.एम.श्री योजना अंतर्गत प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और हाई स्कूल का गहन परीक्षण किया।
बच्चों से संवाद, पढ़ाई-लिखाई की परखी क्षमता
निरीक्षण के दौरान SDM ने शिक्षकों की उपस्थिति देखी और कक्षा-कक्षों में चल रहे अध्यापन कार्य का अवलोकन किया। बच्चों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ने-लिखने की दक्षता और गणितीय योग्यता की जांच की।
मध्यान्ह भोजन और आंगनबाड़ी की भी समीक्षा
आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को मिलने वाले पौष्टिक आहार, स्वास्थ्य और स्वच्छता गतिविधियों की जांच की।
विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन योजना का परीक्षण करते हुए भोजन की गुणवत्ता, स्वाद और पोषण स्तर का मूल्यांकन किया।
दिए गए निर्देश
शिक्षक नियमित उपस्थिति दर्ज कराते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दें।
कमजोर बच्चों को अतिरिक्त समय देकर उनकी मूलभूत अधिगम क्षमता मजबूत करें।
विद्यालय प्रमुख मासिक मूल्यांकन और अनुशासन बनाए रखें।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए रचनात्मक गतिविधियां कराएं।
मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर सतत निगरानी रखी जाए।
समुदाय की भागीदारी जरूरी
SDM ने कहा कि अभिभावक-शिक्षक संवाद और समुदाय की सक्रिय भागीदारी से ही शिक्षा व्यवस्था मजबूत हो सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।



