महासमुंद: जन चौपाल में 48 आवेदन, कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
महासमुंद। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जन चौपाल में जिले के विभिन्न स्थानों से आए नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। इस दौरान बिजली बिल माफी, शासकीय योजनाओं का लाभ, केसीसी लोन, पीएम आवास की किस्त समेत कई मुद्दों पर कुल 48 आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर विनय लंगेह ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी आवेदनों का शीघ्र और प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
आवेदनों की मुख्य बातें
ग्राम बिरकोनी निवासी गोविंदा ने भूमिहीन मजदूर न्याय योजना के तहत राशि की मांग की।
ग्राम पतेरापाली सरायपाली के ग्रामीणों ने बांध निर्माण की स्वीकृति का आवेदन दिया।
ग्राम सिंघनपुर बसना निवासी राकेश वैष्णव ने विकलांगता योजना का लाभ मांगा।
ग्राम डोंगरीपाली बागबाहरा निवासी धनेश पुरी गोस्वामी ने बिजली बिल माफी की मांग की।
ग्राम ठाकुरदिया खुर्द पिथौरा निवासी रामलाल ने केसीसी लोन संबंधी आवेदन दिया।
ग्राम सलडीह पिथौरा निवासी करुणा भोई ने वन अधिकार पट्टा की मांग की।
ग्राम अरण्ड निवासी अश्विनी बाई ने पीएम आवास योजना की राशि दिलाने का आवेदन दिया।
इसके अलावा, छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा ने अनैतिक और नशीली दवाओं के विक्रय पर रोक लगाने की मांग की। इस पर कलेक्टर लंगेह ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को आवश्यक छापामार कार्रवाई और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विक्रय पर जब्ती की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


