बसवाराजू की मौत के बाद नक्सलियों ने चुना नया महासचिव, बस्तर में हिड़मा को मिली बड़ी जिम्मेदारी
रायपुर। आंध्रप्रदेश के खूंखार नक्सली बसवाराजू के मारे जाने के बाद नक्सल संगठन ने नया नेतृत्व तय कर दिया है। संगठन ने थिप्पिरी तिरुपति उर्फ देवजी को नया महासचिव नियुक्त किया है। देवजी पर 1 करोड़ से ज्यादा का इनाम है और वह बस्तर में हुई कई बड़ी वारदातों का मास्टरमाइंड माना जाता है।
देवजी का खूनी इतिहास
देवजी बस्तर में 131 से ज्यादा जवानों की हत्या कर चुका है। वह ताड़मेटला और रानीबोदली हमले का भी मास्टरमाइंड है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि देवजी की रणनीति से नक्सली संगठन एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेगा।
हिड़मा को सौंपी बस्तर की कमान
इसके साथ ही नक्सल संगठन ने PLGA बटालियन कमांडर माड़वी हिड़मा को बस्तर की जिम्मेदारी सौंपी है। हिड़मा को दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी का सेक्रेटरी बनाया गया है। वह 1996 से नक्सली संगठन से जुड़ा है और अब तक कई निर्दोष ग्रामीणों व पुलिस जवानों की हत्या कर चुका है।
बसवाराजू की मौत से हिली नक्सल कमान
18 मई 2025 को डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) के जवानों ने नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ जंगल में सर्चिंग अभियान शुरू किया था। खुफिया इनपुट के आधार पर 21 मई को कलेकोट की पहाड़ी पर मुठभेड़ हुई, जिसमें बसवाराजू मारा गया। बताया जाता है कि उसकी लोकेशन की जानकारी संगठन के ही कुछ साथियों ने सुरक्षा बलों को दी थी।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
देवजी की नियुक्ति के बाद सुरक्षा एजेंसियां और खुफिया विभाग अलर्ट हो गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि नक्सल संगठन नई रणनीति बनाकर फिर से लाल आतंक फैलाने की कोशिश कर सकता है।



