शराबी पति की हरकतों से तंग पत्नी ने किया मर्डर, तकिए से दबाया मुंह और गला घोंटकर हत्या
जांजगीर-चांपा। पत्नी ने रोज़ की मारपीट और चरित्र पर शक करने वाले पति को मौत के घाट उतार दिया। महिला ने पहले तकिए से मुंह दबाया और फिर गला घोंटकर पति की हत्या कर दी। घटना चांपा थाना क्षेत्र के मंझली गांव की है।
शराब पीकर करता था मारपीट
जानकारी के मुताबिक मृतक सोमराज बड़ाइक (40) ड्राइवरी करता था। उसकी पत्नी दुर्गा बड़ाइक (37) घर-घर जाकर झाड़ू लगाने का काम करती थी। महिला का आरोप है कि उसका पति रोज़ शराब के नशे में घर आता था और उस पर अफेयर का शक कर गाली-गलौज व मारपीट करता था।
7 सितंबर की शाम भी सोमराज ने शराब पीकर पत्नी से विवाद किया। परिजनों ने किसी तरह मामला शांत कराया, लेकिन रात को मौका पाकर दुर्गा ने पति को मार डाला।
हत्या के बाद थाने पहुंची पत्नी
हत्या के बाद आरोपी महिला ने अपने भाई को फोन कर बताया कि उसने पति की हत्या कर दी है। भाई संजय थवाईत तुरंत मौके पर पहुंचा और सोमराज को अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दुर्गा बड़ाइक खुद थाने पहुंची और सरेंडर कर दिया।
पुलिस ने जब्त किया तकिया
चांपा थाना प्रभारी जय प्रकाश गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने मौके से तकिया जब्त किया है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। सोमराज के शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंपा गया।



