सचिन पायलट आज छत्तीसगढ़ दौरे पर, बिलासपुर में करेंगे ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ रैली को संबोधित
रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट आज छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं। वे बिलासपुर में होने वाली ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ रैली को संबोधित करेंगे।
ऐसा रहेगा दौरे का पूरा कार्यक्रम
सचिन पायलट मंगलवार सुबह 6:55 बजे दिल्ली से इंडिगो फ्लाइट (6E-2062) से रवाना होकर 8:45 बजे रायपुर पहुंचेंगे। वहां से वे सड़क मार्ग से बिलासपुर जाएंगे। दोपहर 1 बजे बिलासपुर के मुंगेली नाका मैदान में आयोजित रैली को संबोधित करेंगे। शाम 5:30 बजे बिलासपुर से रायपुर लौटेंगे और रात 8:30 बजे एयर इंडिया की फ्लाइट (AI-2798) से दिल्ली रवाना होंगे।
कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन
इस रैली की कमान एआईसीसी के राष्ट्रीय सचिव देवेंद्र यादव ने संभाली है। कांग्रेस का दावा है कि इस शक्ति प्रदर्शन में 25 हजार से अधिक कार्यकर्ता जुटेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि यह आंदोलन सचिन पायलट के नेतृत्व में होगा। उन्होंने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि “सीरियल किलर की तरह वोट चोरी कर सरकार बनाई गई है, जल्द ही ठोस सबूत जनता के सामने रखे जाएंगे।”
ब्लॉक प्रभारियों की नियुक्ति संभव
सूत्रों के अनुसार, रैली के बाद सचिन पायलट कार्यकर्ताओं की बैठक भी लेंगे। इस दौरान ब्लॉक प्रभारियों की नियुक्ति की घोषणा की जा सकती है।
सभी दिग्गज एक मंच पर
इस सभा में कांग्रेस के सभी बड़े नेता एक मंच पर नजर आएंगे। इसमें प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, तीनों सह प्रभारी, पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित सभी वरिष्ठ नेता और हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे।
अंदरूनी खींचतान भी चर्चा में
कांग्रेस की इस सभा में संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ अंदरूनी सियासत भी चर्चा का विषय बनेगी। बताया जा रहा है कि कई नेता चरणदास महंत के हालिया “चमचे” बयान और अन्य अनुशासनात्मक विवादों को लेकर भी सचिन पायलट के सामने शिकायत रखने की तैयारी में हैं।



