बस्तर में निवेश को बढ़ावा: होटल, ईको-टूरिज़्म, वेलनेस सेंटर और उद्योगों पर 65% तक सब्सिडी
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर में निवेशकों के लिए बड़ा तोहफा दिया है। अब होटल, ईको-टूरिज़्म, वेलनेस सेंटर, एडवेंचर स्पोर्ट्स और खेल सुविधाओं जैसी योजनाओं पर 45% तक सब्सिडी दी जाएगी। यही नहीं, एससी/एसटी वर्ग के उद्योगपतियों को 10% अतिरिक्त सब्सिडी और नक्सलवाद से प्रभावित परिवारों को भी 10% अतिरिक्त लाभ मिलेगा। यानी निवेशकों को अधिकतम 65% तक की सब्सिडी उपलब्ध कराई जाएगी।
बस्तर में होगा इन्वेस्टर कनेक्ट
राज्य शासन के वाणिज्य एवं उद्योग विभाग की ओर से 11 सितंबर को बस्तर में इन्वेस्टर कनेक्ट का आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, रायपुर, टोक्यो, ओसाका और सियोल में ऐसे इन्वेस्टर कनेक्ट आयोजित किए गए थे। उन आयोजनों से पिछले एक साल में 6.65 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।
सरेंडर नक्सलियों को रोजगार पर सब्सिडी
नई औद्योगिक इकाइयों में आत्मसमर्पित नक्सलियों को रोजगार देने पर भी सरकार ने खास पहल की है। उनके वेतन पर 5 वर्षों तक 40% सब्सिडी (अधिकतम 5 लाख रुपए प्रतिवर्ष) उपलब्ध कराई जाएगी।
स्टील सेक्टर को बड़ी राहत
बस्तर में स्टील सेक्टर की इकाइयों को 15 वर्षों तक रॉयल्टी रीइंबर्समेंट की सुविधा दी जाएगी। इसका उद्देश्य निवेशकों को भरोसा दिलाना और इस क्षेत्र में औद्योगिक विकास को तेज करना है।
सरकार की मंशा
राज्य सरकार का कहना है कि इन कदमों से बस्तर में न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि यहां टूरिज़्म, खेल और उद्योग जैसे क्षेत्रों में तेजी से विकास होगा।



