जांजगीर-चांपा में पति ने पत्नी की हत्या की, अफेयर के शक में वारदात; खुद की नस भी काटी
जांजगीर-चांपा। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पति ने अफेयर के शक में अपनी पत्नी की चाकू से बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति ने खुद की नस भी काट ली। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
घटना कैसे हुई?
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका का नाम गायत्री देवांगन (35 वर्ष) और आरोपी पति का नाम जगदीश देवांगन (36 वर्ष) है। पति-पत्नी शारदा मंगलम के पीछे किराए के मकान में रहते थे। पति को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसके कारण दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था।
रविवार दोपहर भी विवाद बढ़ा और गुस्से में आकर आरोपी पति ने सब्जी काटने वाले चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। पत्नी को सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ हालत में वह जमीन पर गिर गई।
पत्नी के अंतिम शब्द
गंभीर हालत में घायल पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसके पति ने ही उस पर चाकू से हमला किया। इसके बाद जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
आरोपी की हालत गंभीर
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने खुद की नस काट ली। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे में धुत था। नस कटने से उसकी हालत गंभीर है और उसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर दोनों को खून से लथपथ हालत में बाहर निकाला। थाना प्रभारी मणिकांत पांडेय ने बताया कि आरोपी की हालत गंभीर बनी हुई है। उसके ठीक होने पर पूछताछ की जाएगी। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।



