छत्तीसगढ़ में मानसून सामान्य से बेहतर, अगले 2 दिन तक जारी रहेगी बारिश
रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस साल मानसून सामान्य से बेहतर रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई है।
मानसून विदाई में देरी
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, प्रदेश से मानसून की विदाई 15 अक्टूबर के बाद ही शुरू होगी। यानी सितंबर के आखिरी और अक्टूबर की शुरुआत तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।

अब तक हुई बारिश
6 सितंबर तक प्रदेश में औसत से अधिक बारिश दर्ज की गई है।
सामान्य औसत वर्षा: 1143.3 मिमी
अब तक दर्ज वर्षा: 977.9 मिमी (86%)
मौसम विभाग ने बताया कि मानसून की द्रोणिका (ट्रफ लाइन) इस समय जैसलमेर से होते हुए पेंड्रा रोड, दमोह, गुना, संबलपुर और गोपालपुर से बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। इसी कारण प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं। हालांकि, पिछले 24 घंटों में बारिश की तीव्रता थोड़ी कम रही।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अब भी मुश्किलें
पिछले हफ्ते उत्तरी और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में भारी से अतिभारी वर्षा हुई थी। कोरबा जिले में बांध टूटने से कई गांव डूब गए थे और नदियां-नाले उफान पर आ गए थे। प्रशासन को राहत और बचाव कार्य चलाना पड़ा। फिलहाल स्थिति सामान्य होने लगी है, लेकिन बाढ़ प्रभावित इलाकों में दिक्कतें अब भी बरकरार हैं।



