महासमुंद(जीतयादव)। जिले के भलेसर गांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। महासमुंद थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया ट्रैक्टर और ट्रॉली बरामद कर लिया है।
पुलिस ने 2 लाख रुपये की ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की गई संपत्ति बरामद कर आरोपी को भेजा जेल।
पुलिस के अनुसार उमेश सिन्हा ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पिता तुकाराम सिन्हा का आईचर ट्रैक्टर (CG 06 GM 0256) और नीले रंग की ट्रॉली 13 जून की रात गांव के ब्यारा में खड़ी थी। 14 जून की सुबह जब परिवार के लोग वहां पहुंचे तो ट्रैक्टर और ट्रॉली गायब मिले। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और मुखबिर तंत्र के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस का शक गांव के ही निवासी राहुल देव कुर्रे पर गया। पूछताछ में आरोपी पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन सख्ती और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली।

आरोपी ने बताया कि उसने ट्रैक्टर और ट्रॉली चोरी कर ग्राम बासिन में छिपाकर रखी थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई संपत्ति बरामद कर ली। बरामद ट्रैक्टर-ट्रॉली की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी राहुल देव कुर्रे (25 वर्ष) निवासी सतनामी पारा, ग्राम भलेसर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के त्वरित खुलासे में पुलिस टीम की सक्रियता, साइबर सहायता और मुखबिर तंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


