रायगढ़(जीतयादव)। रायगढ़ जिले के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में सूने मकान में चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल, नगदी रकम, दो स्कूटी और घटना में प्रयुक्त औजार जब्त किए हैं। आरोपियों ने चोरी के जेवरों को गलाकर पहचान मिटाने की कोशिश भी की थी।
चक्रधरनगर पुलिस ने 72 घंटे में सुलझाया मामला, चोरी के जेवर गलाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश बेनकाब।
पुलिस के अनुसार, 9 मई को विनोबा नगर निवासी संतोष कुमार देवांगन ने थाना चक्रधरनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 8 मई को वह परिवार के साथ रिश्तेदारी में गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरे की खिड़की व अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 70 हजार रुपए बताई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। मुखबिर सूचना, तकनीकी इनपुट और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने रोशन सिंह, शिवा सोनी और धरमदास महंत उर्फ प्रेम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोना-चांदी जैसा धातु, नगदी रकम, टूटा ताला, टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी, एक्टिवा वाहन क्रमांक CG 13 BL 4874 और जेवर गलाने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए चोरी किए गए जेवरों को गलाकर उनका स्वरूप बदल दिया था। वहीं कुछ सामान केलो नदी में फेंककर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई। मामले में संगठित अपराध और साक्ष्य विलोपित करने की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में रोशन सिंह निवासी विजयपुर, शिवा सोनी निवासी विजयपुर और धरमदास महंत उर्फ प्रेम निवासी पंजरीप्लांट, रायगढ़ शामिल हैं। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक राकेश मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक आशिक रात्रे और थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



