बसना(रूपानंदसाव)।तहसील साहू संघ बचेली का सामाजिक चुनाव हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। यह चुनाव जिला साहू संघ दंतेवाड़ा के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में आयोजित किया गया। दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय से लगभग 28 किलोमीटर दूर स्थित बचेली, जो देश के बेहतरीन लौह अयस्क क्षेत्र बैलाडीला पर्वतमाला के लिए प्रसिद्ध है।

चुनाव प्रक्रिया में जिला साहू संघ दंतेवाड़ा के जिलाध्यक्ष श्री भूपेंद्र कुमार साहू, जिला महासचिव श्री ओम कुमार साहू एवं जिला चुनाव अधिकारियों की उपस्थिति में तहसील स्तर के पदाधिकारियों का निर्वाचन किया गया। समाज की सहमति से सभी पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए।
जिला साहू संघ दंतेवाड़ा के निर्देशन में संपन्न हुआ तहसील स्तरीय सामाजिक चुनाव

इस चुनाव में श्री देवेंद्र कुमार साव को तहसील साहू संघ बचेली का अध्यक्ष चुना गया। वहीं श्री योगेश कुमार साहू को तहसील उपाध्यक्ष, श्रीमती चित्रलेखा साहू को महिला उपाध्यक्ष, श्री अलख राम साहू को संगठन सचिव तथा श्रीमती निर्मला साहू को महिला संगठन सचिव निर्वाचित किया गया।

नवनिर्वाचित तहसील अध्यक्ष देवेंद्र साव पिछले 8–9 वर्षों से बचेली में निवासरत हैं। उनका पैतृक ग्राम अरेकेल, विकासखण्ड बसना, जिला महासमुंद है। अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने के बाद समाज के वरिष्ठजनों, इष्ट मित्रों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें हार्दिक बधाइयां एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने समाज को संगठित रखते हुए सामाजिक विकास, युवाओं को जोड़ने तथा समाजहित में निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। जिला साहू संघ दंतेवाड़ा के पदाधिकारियों ने नवगठित तहसील इकाई को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।



