रायगढ़(जीतयादव)। पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम सोडेकेला में तलवार लेकर पड़ोसी के घर में घुसकर वाहनों में तोड़फोड़ करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने घर परिसर में खड़ी बोलेरो और बाइक पर तलवार से हमला कर नुकसान पहुंचाया था। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
बोलेरो और बाइक पर किया हमला, पुलिस ने तलवार समेत आरोपी को दबोचा।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सोडेकेला निवासी संतोष पटेल ने थाना पुसौर में शिकायत दर्ज कराई कि 16 मई 2026 की दोपहर करीब 3 बजे गांव का मृत्युंजय बिशी लोहे की धारदार तलवार लेकर उसके घर में घुस आया। आरोपी ने घर परिसर में खड़ी बोलेरो वाहन क्रमांक CG 10 AE 9117 और एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AH 6481 पर तलवार से हमला कर तोड़फोड़ शुरू कर दी।
पीड़ित के विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज करते हुए तलवार लेकर जान से मारने दौड़ा, जिससे वह डरकर वहां से भाग गया। घटना में दोनों वाहनों को करीब 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
पीड़ित की शिकायत पर पुसौर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 333, 296, 351(3), 324(4) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मृत्युंजय बिशी पिता स्व. केशव बिशी उम्र 18 वर्ष निवासी ग्राम सोडेकेला को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की धारदार तलवार बरामद कर जब्त कर ली। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।



