सरायपाली(जीतयादव)।अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सरायपाली सुश्री अनुपमा आनंद (आईएएस) द्वारा दूरस्थ सुदूर अंचल में स्थित शासकीय उच्च प्राथमिक शाला एवं हायर सेकेंडरी स्कूल टेमरी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया।

अनुविभागीय अधिकारी द्वारा विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति, कक्षा संचालन, मध्यान्ह भोजन योजना, विद्यार्थी विकास सूचकांक, दीवार लेखन, विद्यांजलि पोर्टल, स्वच्छता एवं आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का निरीक्षण किया गया। साथ ही विद्यालय परिसर की साफ-सफाई एवं शैक्षणिक वातावरण का भी अवलोकन किया गया।
टेमरी स्कूल का अनुविभागीय अधिकारी सुश्री अनुपमा आनंद (आईएएस) ने किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी ने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनसे पढ़ाई-लिखाई से संबंधित प्रश्न पूछकर शिक्षण गुणवत्ता का आकलन किया। मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, भोजनालय की स्वच्छता एवं खाद्य सामग्री के भंडारण की भी जांच की गई। आवश्यक सुधार को लेकर संबंधित प्रधानपाठक एवं विद्यालय स्टाफ को दिशा-निर्देश दिए गए।इस दौरान वर्तमान में संचालित अर्धवार्षिक परीक्षा का भी निरीक्षण किया गया तथा परीक्षा संचालन को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।

अनुविभागीय अधिकारी सुश्री अनुपमा आनंद ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यालयों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विद्यालय प्रबंधन को समय-समय पर स्वच्छता, अनुशासन एवं शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान संकुल प्रभारी सरधा राम सिदार एवं संकुल समन्वयक हेमचंद पटेल भी उपस्थित रहे।




