महासमुंद(जीतयादव)। स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले शुक्रवार को महासमुंद जिला मुख्यालय के लोहिया चौक में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत विभाजन की विभीषिका-स्मरण दिवस’ पर आधारित तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी शुरू हुई। प्रदर्शनी में देश के स्वतंत्रता आंदोलन, विभाजन के दर्द और शहीदों के योगदान से जुड़ी तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं।
बीटीआई रोड महासमुंद से लोहिया चौक तक निकला मौन जुलूस, शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि।
कार्यक्रम में जिले के प्रभारी एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल शामिल हुए। इस दौरान बीटीआई रोड से लोहिया चौक तक मौन जुलूस निकाला गया। इसके बाद शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
मौन जुलूस के बाद प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल और जनप्रतिनिधियों ने छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रम, स्वतंत्रता सेनानियों का योगदान, राष्ट्रीय ध्वज की गौरवगाथा, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता से संबंधित तस्वीरों को जानकारी के साथ प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी का एक प्रमुख हिस्सा भारत विभाजन की विभीषिका पर केंद्रित है। तस्वीरों के माध्यम से विभाजन के दौरान लोगों को झेलनी पड़ी पीड़ा, विस्थापन, हिंसा और सामाजिक परिस्थितियों को सामने रखने का प्रयास किया गया है। प्रदर्शनी में उस दौर के ऐतिहासिक घटनाक्रमों को दिखाकर लोगों को इतिहास के उस कठिन दौर की याद दिलाई गई है।
प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के जरिए राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशभक्ति का संदेश दिया जा रहा है। वहीं ‘वंदे मातरम्’ की थीम के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव से जुड़े प्रसंगों को प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी में बताया गया है कि बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय के उपन्यास ‘आनंद मठ’ में ‘वंदे मातरम्’ शब्द का प्रयोग हुआ था। बाद में यह स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना का प्रमुख स्वर बन गया। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अनेक सेनानियों ने इसी भावना से प्रेरित होकर देश के लिए अपना बलिदान दिया।
कार्यक्रम में महासमुंद के विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर, राज्य मुख्य आयुक्त भारत स्काउट एवं गाइड संघ इंद्रजीत सिंह गोल्डी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।


