बसना(जीतयादव)। गांव में शराबबंदी और नशामुक्ति को लेकर ग्राम पंचायत सुरंगीपाली के प्रतिनिधियों एवं सशक्त महिलाओं ने सामूहिक पहल शुरू की है। ग्रामीण क्षेत्र में नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों को देखते हुए पंचायत और महिलाओं ने मिलकर गांव को नशामुक्त बनाने की दिशा में कदम उठाया है।
सुरंगीपाली के सरपंच के नेतृत्व में ग्रामीणों ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर स्वस्थ और नशामुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प।
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और परिवारों को नशे से होने वाले नुकसान से बचाना है। ग्रामीणों का मानना है कि नशे की वजह से परिवार की आर्थिक स्थिति प्रभावित होने के साथ-साथ सामाजिक वातावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। ऐसे में शराबबंदी और नशामुक्ति के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है।
ग्राम पंचायत की इस पहल में सरपंच अरुज बेहरा, पंच जितेन्द्र बांक, ग्राम कोटवार बहुरलाल, अभिषेक बांक, आनंद बेहरा, श्रीमती सिंधु यादव, पंच बेलमती बेहरा, मथुरा बेहरा, कल्पना वर्गों, संजू यादव एवं सावित्री बेहरा सहित अन्य ग्रामीणों और महिलाओं की सक्रिय सहभागिता रही।
महिलाओं ने विशेष रूप से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और गांव में सकारात्मक वातावरण तैयार करने की बात कही। उन्होंने कहा कि परिवार और समाज को मजबूत बनाने के लिए युवाओं को नशे से दूर रखना बेहद जरूरी है।
ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयासों के माध्यम से स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त सुरंगीपाली बनाने का संकल्प व्यक्त किया। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि यह अभियान केवल एक दिन की पहल नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला सामाजिक प्रयास होना चाहिए, जिसमें प्रत्येक ग्रामीण अपनी जिम्मेदारी निभाए।


