सरायपाली(जीतयादव)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भूथिया में शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना 2026-27 के तहत कक्षा 9वीं में अध्ययनरत छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। साइकिल मिलने से छात्राओं में खुशी का माहौल रहा। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय आने और शिक्षा के प्रति समर्पित होकर अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया गया।
भूथिया स्कूल में सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं को मिलेगी स्कूल आने-जाने में सुविधा, शिक्षा के प्रति बढ़ेगा उत्साह।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत सरायपाली के सभापति एवं मत्स्य पालन विभाग से जुड़े श्री उद्धव नंद रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत भूथिया के सरपंच श्री गोकुल भोई, शाला प्रबंधन समिति हायर सेकेंडरी स्कूल भूथिया के अध्यक्ष श्री रोहित कुमार प्रधान और उपाध्यक्ष श्रीमती मंजूरी राजकुमार साहू उपस्थित रहे।
अतिथियों ने छात्राओं को साइकिल प्रदान करते हुए कहा कि शिक्षा प्रत्येक बालिका का अधिकार है। शासन द्वारा छात्राओं की शिक्षा को सुगम बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरस्वती साइकिल योजना से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी। खासकर दूर-दराज के क्षेत्रों से स्कूल आने वाली छात्राओं का समय और श्रम दोनों बचेंगे।
उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं में आत्मनिर्भरता की भावना बढ़ेगी और वे नियमित रूप से विद्यालय पहुंचकर अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी। अतिथियों और विद्यालय परिवार ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में छात्राएं अपनी नई साइकिलों के साथ उत्साहपूर्वक नजर आईं। छात्राओं ने साइकिल मिलने पर खुशी जाहिर की और शासन की इस योजना के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य और अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
भूथिया विद्यालय के प्राचार्य श्री विक्रम कुमार यादव ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छात्राओं को शिक्षा के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना विद्यालय परिवार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी और उनकी पढ़ाई को निरंतर जारी रखने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम का मंच संचालन श्री डिग्रीलाल प्रधान, व्याख्याता ने किया। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करने के साथ अतिथियों एवं उपस्थितजनों का परिचय कराया तथा सरस्वती साइकिल योजना के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के समापन पर श्री डिग्रीलाल प्रधान ने उपस्थित अतिथियों, शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों, प्राचार्य, शिक्षकगण एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। साइकिल वितरण कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल बना रहा।


