महासमुंद(जीतयादव)। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और RTO के द्वारा यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस महासमुंद द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आरटीओ, एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने दुर्घटना संभावित ब्लैक एवं ग्रे स्पॉट्स का निरीक्षण कर सुरक्षा उपायों की समीक्षा की। साथ ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम द्वारा इन स्थानों पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है।
RTO, NHAI, PWD और यातायात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; सड़क में ब्लैक-ग्रे स्पॉट्स का निरीक्षण।
यातायात पुलिस द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य यातायात नियमों के पालन को लेकर लगातार विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया जा रहा है। प्रतिदिन निर्धारित चेकिंग प्वाइंट्स पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच कर वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार बीते एक सप्ताह में RTO के द्वारा महासमुंद शहर में बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 2,186 दोपहिया चालकों के विरुद्ध ई-चालान जारी कर 10 लाख 93 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं ओवरस्पीडिंग करने वाले 36 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 36 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया। इसके अलावा नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े 25 वाहनों पर कार्रवाई कर 7,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए RTO के द्वारा जिले की 92 स्कूल बसों का भौतिक सत्यापन किया गया। जांच के दौरान कमियां पाए जाने पर दो स्कूल बसों पर 6 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं 62 स्कूल बस चालकों का नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया।
RTO पुलिस ने मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से सवारी परिवहन करने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया। पिछले एक सप्ताह में ऐसे 11 वाहनों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा ब्रीथ एनालाइजर मशीन से वाहन चालकों की जांच कर नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जनजागरूकता के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में साप्ताहिक हाट-बाजार, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर 13 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 2,000 से अधिक लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
महासमुंद पुलिस ने नागरिकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, सड़क में निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की है।



