महासमुंद(जीतयादव)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के किसानों को बड़ी राहत मिली है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशभर के किसानों के खातों में योजना की 23वीं किस्त की राशि ऑनलाइन जारी की, जिसके तहत महासमुंद जिले के 1 लाख 26 हजार 154 किसानों के बैंक खातों में कुल 25 करोड़ 23 लाख रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की गई।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का भलेसर कृषि विज्ञान केंद्र में हुआ सीधा प्रसारण, किसानों ने जताई खुशी।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र भलेसर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां प्रधानमंत्री के संबोधन और राशि हस्तांतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। जैसे ही किसानों के खातों में राशि पहुंची, उनके मोबाइल फोन पर संदेश आने लगे और किसानों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू, जनपद पंचायत महासमुंद उपाध्यक्ष हुलसी चन्द्राकर, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, उप संचालक कृषि एफ.आर. कश्यप सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
इस दौरान अधिकारियों ने किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों और जैविक खेती को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों की समस्याओं का समाधान करते हुए खेती में लागत कम कर उत्पादन बढ़ाने के उपाय भी बताए।
किसानों ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की यह राशि खरीफ सीजन में खाद, बीज और अन्य कृषि कार्यों के लिए काफी मददगार साबित होगी।


