बसना(जीतयादव)। शासकीय उच्च प्राथमिक शाला बिछिया (पो) में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “करो योग, रहो निरोग” के संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और योग के महत्व को आत्मसात करने का संदेश दिया।
बिछिया स्कूल में बच्चों के साथ जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों ने किया योगाभ्यास, ‘करो योग, रहो निरोग’ का दिया संदेश।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कतारबद्ध होकर अत्यंत अनुशासित ढंग से विभिन्न योग मुद्राओं और आसनों का प्रदर्शन किया। बच्चों ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोण आसन के साथ-साथ प्राणायाम का अभ्यास किया। शारीरिक एवं मानसिक संतुलन को दर्शाती विद्यार्थियों की योग प्रस्तुतियों ने सभी उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

इस अवसर पर संस्था प्रमुख श्री रामनाथ साव सर, प्राथमिक शाला बिछिया के प्रधान पाठक श्री अभिषेक कर, शिक्षक श्री विनोद विशाल, श्री नरेश कुमार मिश्रा, श्रीमती शुभकुमारी बाघ, ग्राम पंचायत सचिव श्री मेघनाथ पटेल, स्वास्थ्य संयोजक श्री बाल्मीक साव एवं सहायक शिक्षक श्री सुशील प्रधान विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आरोग्य और योग से जुड़े महत्वपूर्ण सूत्रों की जानकारी दी गई। संस्था प्रमुख श्री रामनाथ साव सर एवं शिक्षकों ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो बच्चों के सर्वांगीण विकास, एकाग्रता, अनुशासन और शारीरिक मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विद्यालय परिवार ने बताया कि भविष्य में भी बच्चों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर बिछिया स्कूल के समस्त शिक्षक एवं विद्यालय परिवार ने सभी क्षेत्रवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं।


