सरायपाली(जीतयादव)।प्राचार्य मंच सरायपाली द्वारा दिनांक शुक्रवार 19 दिसंबर 2025 को स्थानीय अन्नपूर्णा होटल में नवपदस्थ एवं पदोन्नत प्राचार्यों के स्वागत-सम्मान एवं विदाई समारोह का भव्य आयोजन किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री जितेंद्र बुडेक, जो वर्तमान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरायपाली में प्राचार्य पद पर कार्यरत थे, उनका स्थानांतरण शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिछिया प्राचार्य के रूप में होने पर उनके सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। वहीं विकासखंड में पदोन्नत होकर पदस्थ हुए 9 नवपदस्थ प्राचार्यों का भी मंच द्वारा स्वागत-सम्मान किया गया।
9 नवपदस्थ प्राचार्यों का अन्नपूर्णा होटल में स्वागत-सम्मान समारोह आयोजित किया गया

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री जितेंद्र बुडेक, अध्यक्षता श्री सी.एल. पुहुप द्वारा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री टीकमचंद पटेल (विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सरायपाली) एवं श्री राजेंद्र कुमार भोई (अध्यक्ष, प्राचार्य मंच सरायपाली) उपस्थित रहे। सभी 9 नवपदस्थ प्राचार्य अतिथि के रूप में समारोह में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ माता सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ अध्यक्ष श्री किशोर कुमार द्वारा सभी 9 नवपदस्थ प्राचार्यों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया गया। साथ ही प्राचार्य मंच सरायपाली की ओर से भी सभी नवपदस्थ प्राचार्यों को शाल एवं श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

विदाई समारोह के दौरान वक्ताओं ने श्री जितेंद्र बुडेक के शैक्षणिक कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्राचार्यों ने अपने विचार व्यक्त किए, जिससे समारोह सौहार्दपूर्ण एवं भावनात्मक वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्राचार्य मंच सरायपाली अध्यक्ष श्री आर.के. भोई, सचिव श्री विक्रम यादव, कोषाध्यक्ष श्री दिलीप नायक सहित मंच के सभी पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम का संचालन श्री पी.के. ग्वाल द्वारा किया गया तथा अंत में श्री बंशीधर सिदार ने आभार प्रदर्शन किया।



