सरायपाली(जीतयादव)।राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद शंकर नगर, रायपुर के निर्देशानुसार शासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के व्याख्याताओं का पांच दिवसीय सेवाकालीन प्रशिक्षण दिनांक 16 दिसंबर से 20 दिसंबर तक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बानीगिरोला में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह विकासखंड स्तरीय विषयवार प्रशिक्षण ब्लूप्रिंट, प्रश्नपत्र निर्माण एवं शिक्षण शास्त्र से संबंधित रहा। प्रशिक्षण विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री टीकमचंद पटेल, विकासखंड स्रोत समन्वयक श्री देवानंद नायक एवं नोडल प्रशिक्षण प्रभारी श्री भोग सिंह भोई (प्राचार्य, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बानीगिरोला) के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।विकासखंड स्तर पर प्रशिक्षण के प्रथम चरण में शासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के गणित एवं विज्ञान समूह अंतर्गत जीवविज्ञान, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं गणित विषय के कुल 63 व्याख्याताओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।

बीईओ व वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रशिक्षण के दौरान आकस्मिक निरीक्षण किया, व्यवस्थाओं पर जताया संतोष
प्रशिक्षण के दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी सरायपाली श्री टीकमचंद पटेल, श्री सी. एल. पुहूप (प्राचार्य, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केदूवा) एवं प्रशिक्षण प्रभारी श्री भोग सिंह भोई द्वारा आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण कार्यक्रम, व्याख्याताओं की उपस्थिति, भोजन व्यवस्था एवं प्रशिक्षण स्थल का बारीकी से अवलोकन कर संतोष व्यक्त किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
प्रशिक्षण में ब्लूप्रिंट, प्रश्नपत्र निर्माण व शिक्षण शास्त्र पर दिया गया विशेष जोर
प्रशिक्षण में नई शिक्षा नीति 2020, ब्लूम टैक्सोनॉमी, ब्लूप्रिंट के आधार पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं के प्रश्नपत्र निर्माण, शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया एवं कक्षा में सीखने के लिए अनुकूल वातावरण जैसे विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण सत्र विकासखंड के प्रशिक्षित BRGS श्री बृजलाल पटेल, श्री डिग्री लाल प्रधान (व्याख्याता, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केजूँआ), श्री मनोज कुमार साहू (व्याख्याता, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलौदा) एवं श्री निर्मल प्रधान (व्याख्याता, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केना) द्वारा संचालित किए गए।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर नोडल प्रशिक्षण प्रभारी श्री भोग सिंह भोई ने सभी प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव को अपने-अपने विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू करने हेतु प्रेरित किया तथा विकासखंड का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत लाने के लिए शुभकामनाएं दीं।




