महासमुंद। आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित श्रमिक सम्मेलन 2026 में जिले के 6,684 श्रमिकों के बैंक खातों में 2 करोड़ 98 लाख 53 हजार 41 रुपये की राशि सीधे अंतरित की गई। विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के तहत यह राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से हितग्राहियों के खातों में पहुंचाई गई।
शंकराचार्य भवन में आयोजित श्रमिक सम्मेलन 2026 में DBT के माध्यम से हुआ श्रमिकों के खातों में राशि का अंतरण, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा रहे मुख्य अतिथि।
जिला मुख्यालय स्थित शंकराचार्य भवन में आयोजित इस सम्मेलन में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में उन्होंने इनके सम्मान, कल्याण और आर्थिक सुरक्षा के लिए संचालित योजनाओं के महत्व को रेखांकित किया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ बीज विकास निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, नगर पालिका परिषद उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, जनपद पंचायत महासमुंद की उपाध्यक्ष हुलसी चन्द्राकर तथा जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी जांगड़े सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सम्मेलन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लगभग 1,500 हितग्राहियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से मिलने वाले लाभ और सामाजिक सुरक्षा के महत्व से भी अवगत कराया गया। खातों में सीधे राशि पहुंचने से योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से हितग्राहियों तक पहुंचाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


