महासमुंद(जीतयादव)। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने ग्राम कोटवार को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इसी सिलसिले में शनिवार, 19 जुलाई 2026 को महासमुंद, पिथौरा, सरायपाली और बागबाहरा अनुविभाग के सभी थाना क्षेत्रों में ग्राम कोटवारों की बैठक आयोजित की गई।
पुलिस ने ग्राम कोटवार को दिए अहम दिशा-निर्देश, मुसाफिरी पंजी संधारण और संदिग्ध व्यक्तियों की तत्काल सूचना देने के निर्देश।
बैठक में एसडीओपी एवं थाना प्रभारियों ने कोटवारों को उनके दायित्वों की जानकारी देते हुए गांव में आने वाले प्रत्येक बाहरी व्यक्ति का विवरण दर्ज करने के लिए मुसाफिरी पंजी का नियमित संधारण करने के निर्देश दिए। यदि गांव में कोई संदिग्ध व्यक्ति ठहरता है या उसकी गतिविधियां संदिग्ध नजर आती हैं, तो तत्काल संबंधित थाना प्रभारी को सूचना देने को कहा गया।
कोटवारों को प्रत्येक माह के द्वितीय एवं चतुर्थ सप्ताह में संबंधित थाने में उपस्थित होकर गांव की गतिविधियों और महत्वपूर्ण जानकारियों से पुलिस को अवगत कराने के निर्देश भी दिए गए। थाना प्रभारी निर्धारित रोस्टर के अनुसार मुसाफिरी पंजी का निरीक्षण करेंगे।
पुलिस ने आपराधिक घटनाओं, संदिग्ध गतिविधियों, अस्वाभाविक मृत्यु, अज्ञात शव और कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचनाएं नियमित रूप से पुलिस तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही किरायेदारों, फेरीवालों और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया।
बैठक में आपात स्थिति के लिए 112, साइबर ठगी के लिए 1930, तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के लिए 94792-29939 नंबर की जानकारी दी गई। ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए थाना स्तर पर कोटवारों के व्हाट्सऐप ग्रुप भी बनाए जा रहे हैं।


