पिथौरा(जीतयादव)। थाना पिथौरा अंतर्गत कोचर्रा में गाली-गलौज और मारपीट के बाद चाकू से प्राणघातक हमला करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को बाल न्यायालय में प्रस्तुत कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
कोचर्रा में मोबाइल विवाद में बढ़ा मामला, चाकू से हमला कर युवक को किया घायल।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 दिसंबर 2025 को मोबाइल ले जाने की बात को लेकर प्रीतम ध्रुव के साथ रामकुमार यादव और उसके पुत्र द्वारा विवाद किया गया। इस दौरान गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसे से मारपीट की गई। इसी बीच एक अपचारी बालक ने सब्जी काटने वाले चाकू से प्रीतम ध्रुव की पीठ पर प्राणघातक वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना की रिपोर्ट प्रार्थी भागीरथी ध्रुव द्वारा थाना पिथौरा में दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर अपराध क्रमांक 238/2015 धारा 109, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना के बाद से आरोपी और अपचारी बालक फरार थे।

पुलिस ने 13 अप्रैल 2026 को आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने घटना को स्वीकार किया। अपचारी बालक के पास से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया।मुख्य आरोपी रामकुमार यादव (40 वर्ष), निवासी कोचर्रा, को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं दोनों नाबालिग आरोपियों को बाल न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की गई है।




