पिथौरा(जीतयादव)।आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया को शराब नीति मामले में बरी किए जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ युवा विंग के जिला अध्यक्ष खिरोद पटेल ने प्रेस बयान जारी कर फैसले का स्वागत किया है।
अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के बरी होने पर युवा विंग ने जताई खुशी, महासमुंद में अभियान का ऐलान।
खिरोद पटेल ने कहा कि अदालत के निर्णय से यह स्पष्ट हुआ है कि न्यायपालिका पर जनता का विश्वास मजबूत है। उन्होंने इसे “सच्चाई की जीत” बताते हुए कहा कि पार्टी के नेताओं के खिलाफ लगाए गए आरोप अदालत में टिक नहीं पाए।उन्होंने अपने बयान में कहा कि जब नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई थी, तब पार्टी के कार्यकर्ता लगातार उनके समर्थन में खड़े रहे। अब फैसले के बाद कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा देखने को मिल रही है।

पटेल ने कहा कि यह फैसला केवल केजरीवाल और सिसोदिया से जुड़ा मामला नहीं है, बल्कि उन मुद्दों से भी जुड़ा है जिन पर पार्टी काम करने का दावा करती रही है—जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और महंगाई। उन्होंने कहा कि युवाओं को सकारात्मक राजनीति में भागीदारी के लिए आगे आना चाहिए।

युवा विंग जिला अध्यक्ष ने बताया कि महासमुंद जिले में कार्यकर्ताओं द्वारा जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को फैसले की जानकारी दी जाएगी। उनका कहना है कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्था में विश्वास रखती है।उन्होंने अंत में कहा कि संगठन गांव-गांव और शहर-शहर तक अपनी विचारधारा पहुंचाने का प्रयास जारी रखेगा।




