पिथौरा। टुल्लू पंप चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी हुआ 1.5 एचपी का टुल्लू पंप बरामद किया गया है। वहीं, वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पिथौरा के भिथीडीह में घर की बाड़ी से चोरी हुआ था 7 हजार रुपये का पंप, पुलिस ने बाइक भी की जब्त।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भिथीडीह निवासी परशुराम कनौजे (45) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 5 बजे से 7:30 बजे के बीच उनके घर की बाड़ी में लगा लुबी कंपनी का 1.5 एचपी टुल्लू पंप चोरी हो गया। इसकी कीमत करीब 7,000 रुपये बताई गई। शिकायत में उन्होंने यशवंत यादव और डायमंड बरिहा पर संदेह जताया था।
रिपोर्ट के आधार पर थाना पिथौरा में अपराध क्रमांक 261/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से पूछताछ की और संदेह के आधार पर यशवंत यादव (35), निवासी अर्जुनी, और डायमंड बरिहा (27), निवासी अर्जुनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने जीवन यादव के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की जानकारी दी। उनकी निशानदेही पर चोरी का टुल्लू पंप बरामद किया गया। यशवंत यादव की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को 13 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले के तीसरे आरोपी जीवन यादव, निवासी भिथीडीह, की तलाश की जा रही है।


