बसना। छत्तीसगढ़ के विभिन्न इलाकों में हाल के महीनों में अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। चोरी, लूट, छेड़छाड़ से लेकर नशे के अवैध कारोबार तक, कई प्रकार के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्र—दोनों जगहों पर नशे का प्रसार चिंताजनक स्तर तक पहुँचा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे के आसान उपलब्ध होने से युवाओं में इसकी लत तेजी से बढ़ रही है, जिसका सीधा असर चोरी और अन्य अपराधों में वृद्धि के रूप में दिख रहा है।
इसी बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर कांग्रेस के सक्रिय नेता व जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था कमजोर होती जा रही है और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा,
“छत्तीसगढ़ आज अपराध का केंद्र बनता जा रहा है। हर गली-मोहल्ले में नशे का जाल फैल चुका है। जनता परेशान है, अपराध बढ़ रहे हैं और 112 सेवा भी समय पर पहुंचने में नाकाम साबित हो रही है।”उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति निरंतर बिगड़ रही है, जिसके कारण आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। कई मामलों में 112 सेवा के देर से पहुंचने के कारण अपराधी मौके से आसानी से फरार हो जाते हैं।
मोक्ष कुमार प्रधान ने राज्य सरकार से मांग की कि—
नशे के अवैध कारोबार पर तुरंत सख्ती की जाए,
गली-मोहल्लों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए,
112 सेवा को मजबूत कर समय पर प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और पुलिस-प्रशासन की सक्रियता से ही प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।




