महासमुंद(जीतयादव)।जिले में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और कोमाखान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक अंतर्राज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 950 किलो गांजा, जिसकी कीमत करीब 4 करोड़ 75 लाख रुपए बताई जा रही है, जब्त किया है। गांजा की तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा ट्रक भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।

गांजा की सप्लाई चेन तोड़ने में जुटी पुलिस, फॉरवर्ड–बैकवर्ड लिंक की जांच शुरू।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई चेन को पूरी तरह तोड़ने के लिए एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन की रणनीति पर काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में कोमाखान थाना क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

जब्त किए गए गांजा का वजन 950 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत 4.75 करोड़ रुपए आंकी गई है। इसके अलावा गांजा परिवहन में प्रयुक्त आईचर ट्रक (MH 20 EG 3969) जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपए, दो मोबाइल फोन और नगद राशि भी जब्त की गई है।
मौके से गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी महाराष्ट्र के जालना जिले के रहने वाले हैं। पूछताछ में उनकी पहचान अक्षय भोरजे (26 वर्ष) और शुभम आउटे (24 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई केवल एक कड़ी है। गांजा कहां से लाया गया और कहां सप्लाई किया जाना था, इसकी जानकारी जुटाने के लिए फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक पर काम किया जा रहा है। इसके लिए अलग-अलग टीमें रवाना कर दी गई हैं, ताकि पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर कार्रवाई की जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बीते 15 दिनों में जिले में कुल 1831.610 किलो गांजा, जिसकी कीमत 9 करोड़ 15 लाख 83 हजार रुपए है, जब्त किया जा चुका है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि पुलिस नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने की दिशा में सख्त कदम उठा रही है।इस पूरी कार्रवाई को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और कोमाखान पुलिस की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।


