रायगढ़(जीतयादव)। घरघोड़ा पुलिस ने दुष्कर्म मामले में जेल भेजने की धमकी देकर युवक और उसके परिवार से 40 हजार रुपए की अवैध वसूली करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस कार्रवाई का भय दिखाकर लगातार रकम की मांग कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
दुष्कर्म केस में जेल भेजने की धमकी देकर युवक से 40 हजार की मांग, घरघोड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई।
जानकारी के अनुसार साहिल यादव निवासी वार्ड क्रमांक 10 घरघोड़ा ने थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका धरमजयगढ़ क्षेत्र की एक युवती से प्रेम संबंध था। आपसी विवाद के बाद युवती 7 मई को थाना पहुंची थी, जहां बातचीत के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया और कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई।
आरोप है कि इसी दौरान श्याम भोजवानी ने युवक और उसके परिवार को धमकाते हुए कहा कि मामला शांत कराने के लिए थाना में 50 हजार रुपए देने पड़ेंगे, नहीं तो दुष्कर्म केस में जेल भेज दिया जाएगा। बाद में आरोपी ने 40 हजार रुपए में मामला सुलझाने की बात कहकर लगातार फोन कर पैसे देने का दबाव बनाया।
शिकायत की जांच के दौरान पुलिस को आरोपी द्वारा रकम मांगने की ऑडियो क्लिप मिली, जिसे साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी श्याम भोजवानी निवासी साईराम कॉलोनी घरघोड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर अवैध वसूली करना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में लोग तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि सख्त कार्रवाई की जा सके।



