महासमुंद। नेशनल हाईवे -353 पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार दोपहर खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम हाड़ाबांध रेलवे ओवरब्रिज के नीचे एंबुलेंस और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार 25 वर्षीय हुमेश मन्नाडे की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, बागबाहरा से महासमुंद-रायपुर की ओर जाने वाले नेशनल हाईवे-353 पर अब तक करीब 65 सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें 36 लोगों की जान जा चुकी है।
नेशनल हाईवे-353 पर हाड़ाबांध रेलवे ओवरब्रिज के नीचे एंबुलेंस-बाइक की भिड़ंत, PGDCA छात्र की मौत; बागबाहरा-महासमुंद मार्ग पर करीब 65 सड़क हादसे, 36 लोगों की गई जान।

खल्लारी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक हुमेश मन्नाडे पिता सोमनलाल, बागबाहरा ब्लॉक के ग्राम बोहारडीह का निवासी था। वह महासमुंद के शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य महाविद्यालय में पीजीडीसीए सेकंड सेमेस्टर का छात्र था। सोमवार को वह बाइक क्रमांक CG 06 GR 8166 से महासमुंद से बागबाहरा की ओर जा रहा था।
इसी दौरान बागबाहरा सरकारी अस्पताल से मरीज को लेकर महासमुंद आ रही एंबुलेंस क्रमांक CG 06 GM 0144 से उसकी बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक को संभलने का मौका नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। युवक के पास मिले कॉलेज आईडी कार्ड के आधार पर उसकी पहचान की गई।
ओवरटेक के दौरान हादसे की आशंका।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के पीछे ओवरटेक की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। थाना प्रभारी चाणक्य नाग ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। एंबुलेंस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।


