बागबाहरा(जीतयादव)। बागबाहरा थाना क्षेत्र में चखना सेंटर संचालक पर हुए जानलेवा चाकू हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के लगभग दो महीने बाद फरार चल रहे दो मुख्य आरोपी अर्जुन गोस्वामी और सोनू देवांगन को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
बागबाहरा में चखना दुकान संचालक पर हुआ था जानलेवा हमला, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी।
पुलिस के अनुसार 6 अप्रैल 2026 को बागबाहरा स्थित देसी शराब दुकान के पास संचालित एक चखना सेंटर में सामान खरीदने और पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद ग्राहक गणपत निषाद अपने साथियों अर्जुन गोस्वामी, शिवा मांझी, सोनू देवांगन और एक नाबालिग को बुलाकर चखना सेंटर पहुंचा। यहां आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए चखना सेंटर संचालक मोनेश यादव पर धारदार चाकू से हमला कर दिया।
हमले में मोनेश यादव को पीठ, पेट और बाएं हाथ में गंभीर चोटें आई थीं। सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी, जहां दो आरोपियों को तत्काल पकड़ लिया गया था, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए थे।
मामले में थाना बागबाहरा में अपराध दर्ज कर लगातार आरोपियों की तलाश की जा रही थी। सक्रिय मुखबिर तंत्र और सतत प्रयासों के चलते पुलिस ने 19 जून को फरार आरोपी सोनू देवांगन और अर्जुन गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले के एक अन्य आरोपी शिवा मांझी की तलाश अभी भी जारी है। वहीं घटना के दिन गणपत निषाद और एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है।


