बसना। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर भाजपा के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने के विरोध में बसना थाना पहुंचकर प्रदर्शन किया और सुरेंद्र दुबे के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा।
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सुरेंद्र दुबे के खिलाफ कार्रवाई की मांग, बड़ी संख्या में भाजपा एवं युवा मोर्चा कार्यकर्ता रहे मौजूद।
युवा मोर्चा पदाधिकारियों का आरोप है कि कुछ दिन पूर्व सुरेंद्र दुबे नामक व्यक्ति ने फेसबुक पर भारतीय जनता पार्टी के संबंध में आपत्तिजनक एवं अभद्र टिप्पणी की थी, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं। कार्यकर्ताओं ने इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और राजनीतिक मर्यादाओं के विपरीत बताते हुए दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग अभिव्यक्ति के लिए किया जाना चाहिए, लेकिन किसी भी राजनीतिक दल या व्यक्ति के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की।
इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश अग्रवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र यादव, युवा मोर्चा जिला महामंत्री कामेश बंजारा, भाजपा महामंत्री दीपक शर्मा, सरोज पटेल, बसना युवा मोर्चा अध्यक्ष आकाश सिन्हा, सांकरा युवा मोर्चा अध्यक्ष विजय चौधरी, पिरदा युवा मोर्चा अध्यक्ष दिनेश कश्यप, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष दीपा साहू, परदेशी पटेल, नवीन भट्ट, निर्मल दास, दिगंबर पटेल, अनुज प्रधान, उमेश बंजारा, संगीता नायक, संजय अग्रवाल, दुर्गेश नायक, संतोष यादव, शुभम नायक सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पुलिस ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।


