बलौदाबाजार। थाना कसडोल पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अंतरजिला मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर बलौदाबाजार, रायपुर, महासमुंद और जांजगीर-चांपा जिलों से चोरी की गई कुल 6 दुपहिया वाहन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।
हैदराबाद से मुख्य आरोपी गिरफ्तार, चार जिलों से मोटरसाइकिल चोरी किए गए वाहनों की बरामदगी; एक आरोपी अब भी फरार।
पुलिस के अनुसार, 19 मार्च 2026 की रात ग्राम अर्जुनी निवासी चैतुसिंग पैकरा की मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 CW 8512 घर के सामने से चोरी हो गई थी। मामले में कसडोल थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की तलाश शुरू की।
विवेचना में मुख्य आरोपी खगेश कुमार निर्मलकर उर्फ चांटी के हैदराबाद में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद साइबर सेल की तकनीकी टीम की मदद से पुलिस ने हैदराबाद में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। उसके साथी यश कुमार साहू को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य फरार साथी के साथ मिलकर अर्जुनी, भाटागांव बस स्टैंड रायपुर, महासमुंद बस स्टैंड, धरसीवां, गिधौरी बस स्टैंड और मेंऊ भांटा (पामगढ़) से वाहन चोरी करना स्वीकार किया। चोरी के वाहनों को छिपाने और बेचने में यश साहू की भूमिका सामने आई है। एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 303(2), 317(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को 2 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।


