कसडोल। ग्राम पुराना खर्वे में हुई एक संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतक का शव कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। ग्रामीणों द्वारा शराब में नशीला पदार्थ या जहर मिलाकर हत्या किए जाने की शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई।
संदिग्ध मौत के मामले में ग्राम पुराना खर्वे में ग्रामीणों की शिकायत के बाद पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने शिकायत में आरोप लगाया था कि गांव के एक संदेही व्यक्ति द्वारा अंधविश्वास और जमीन में घड़ा मिलने का लालच देकर लोगों को शराब पिलाई जाती थी। शिकायत में यह भी कहा गया कि 1 फरवरी से 14 मई 2026 के बीच गांव के करीब आठ लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। इनमें महेतरु साहू (41 वर्ष) की मौत भी शामिल है, जिनकी 14 मई को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मृत्यु हो गई थी।

बताया गया कि उस समय परिजनों ने मौत को सामान्य या हार्ट अटैक मानते हुए बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया था। बाद में ग्रामीणों की शिकायत पर थाना कसडोल में मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान एसडीएम कसडोल से अनुमति प्राप्त कर 13 जून को मृतक का शव कब्र से निकालने की कार्रवाई की गई। इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक कौशल किशोर वासनिक, थाना प्रभारी प्रवीण मिंज, नायब तहसीलदार आकांक्षा तिवारी सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर मौजूद रही।



