रायगढ़। शहर के ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास मिले अज्ञात व्यक्ति के शव के हत्या मामले में जूटमिल पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में राजेश्वर सारथी उर्फ समारू (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया है, जबकि चार विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने लूटपाट के इरादे से सड़क किनारे ट्रक के पास सो रहे व्यक्ति को निशाना बनाया था। उसके जागने और विरोध करने पर एक बालक ने बटन चाकू से कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई।
बिरयानी खाने के लिए रुपये जुटाने निकले थे आरोपी, विरोध करने पर बटन चाकू से किए हत्या; जूटमिल पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाया मामला।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 की सुबह ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने जांच की। मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष आंकी गई। उसके सीने, कंधे सहित शरीर पर चोट के निशान मिले। अगले दिन शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक बताए जाने के बाद थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 656/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा मुखबिरों से जानकारी जुटाई। इसके बाद मिट्ठूमुड़ा, बजरंगपारा और सांगीतराई क्षेत्र में दबिश देकर युवक और चार नाबालिगों को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि 23 अक्टूबर की रात करीब एक बजे वे बिरयानी खाने के लिए रुपये जुटाना चाहते थे। पुलिस के मुताबिक, दो आरोपी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचे, जबकि तीन अन्य उनके पीछे आए। वहां ट्रक के पास सो रहे व्यक्ति की जेब से रुपये और मोबाइल निकालने की कोशिश की गई। व्यक्ति के जागकर विरोध करने पर एक नाबालिग ने बटन चाकू से उसकी भुजा, सीने, जांघ और पीठ पर वार कर दिए। इसके बाद आरोपियों ने उसकी जेब से 700 रुपये निकालकर आपस में बांट लिए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और बटन चाकू जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पूर्व में भी संगठित होकर वारदात करने की जानकारी के आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 111 जोड़ी गई है। आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


